दिल्ली का आमिर बना अभय त्यागी:गाजियाबाद में महायज्ञ में आहुति देकर हिंदू धर्म अपनाया, कहा- पूर्वज सनातनी थे, इसलिए वापस आया
दिल्ली का आमिर बना अभय त्यागी:गाजियाबाद में महायज्ञ में आहुति देकर हिंदू धर्म अपनाया, कहा- पूर्वज सनातनी थे, इसलिए वापस आया
दिल्ली में रहने वाले आमिर खान नाम के युवक ने हिंदू धर्म अपना लिया है। गाजियाबाद में महायज्ञ के एक कार्यक्रम में पहुंचकर आमिर ने सनातन धर्म अपनाया। हिंदू धर्म के अनुयायियों ने उसका स्वागत किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए दस्तावेज मंगाए हैं। पूजा-पाठ के बाद करीब 35 साल के आमिर को नया नाम अभय त्यागी दिया गया है। आमिर उर्फ अभय का जनेऊ संस्कार 10 अप्रैल को गाजियाबाद में होगा।
आमिर बोला- हमारे पूर्वज सनातनी थे, शिव हैं आराध्य देव
गाजियाबाद के कस्बा लोनी स्थित रामलीला मैदान में रविवार का गायत्री परिवार की ओर से 51 कुंडीय महायज्ञ हुआ। त्यागी महासभा के अध्यक्ष धर्मेंद्र त्यागी ने बताया कि इस दौरान दिल्ली के कर्दमपुरी निवासी आमिर खान इस कार्यक्रम स्थल पर आए। आमिर ने महायज्ञ में आहुति दी। महायज्ञ संपन्न होने के बाद आमिर ने अपना परिचय दिया और सनातन धर्म अपनाने की इच्छा जताई।
आमिर ने बताया कि वह अविवाहित है। दिल्ली में वेल्डिंग का काम करते हैं। आमिर ने बताया कि उसके पूर्वज भी सनातन धर्म से थे, इसलिए वह भी वापस इसी धर्म से जुड़ना चाहता है। आमिर ने भगवान शिव को अपना आराध्य भी बताया।
मंदिर में कराई पूजा, माथे पर लगाया तिलक
धर्मेंद्र त्यागी ने बताया कि रामलीला मैदान स्थित मंदिर में पूजा-पाठ कराकर आमिर का भगवा पटका देकर माथे पर तिलक लगाया गया। इस दौरान आमिर को 'अमर' नाम दिया गया, लेकिन उसने स्वेच्छा से अभय नाम दिए जाने की इच्छा जताई।
धर्मेंद्र त्यागी ने कहा कि आमिर ने अपने धर्म का त्याग किया है, इसलिए आज से उसका नाम अभय त्यागी होगा। धर्मेंद्र त्यागी ने बताया कि आमिर उर्फ अभय त्यागी को सारे दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कहा है, ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
वैरिफिकेशन के लिए पुलिस को भेजा आधार कार्ड
दिल्ली पुलिस को आमिर खान का आधार कार्ड भेजा गया है, जिससे यह पता चल सके कि उसका कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं है। 10 अप्रैल को आमिर उर्फ अभय का जनेऊ संस्कार कराने के बाद सनातन धर्म में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। जनेऊ संस्कार की प्रक्रिया गाजियाबाद के लोनी स्थित दुर्गा मंदिर या प्रसिद्ध डासना देवी मंदिर में होगी।




Comments
Post a Comment