शेखपुर थाना क्षेत्र में तीन बदमाश गिरफ्तार:पुलिस का दावा- बैंक खातों से 10 करोड़ रुपए निकालने और युवक के अपहरण की बना रहे योजना

 भिवाड़ी पुलिस जिला के अंतर्गत शेखपुर थाना पुलिस ने 10 करोड़ रुपए की ठगी की योजना बना रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये लोग इसरोदा बैंक से फर्जी तरीके से एक महिला के अकाउंट से पैसे अपने खाते में ट्रांसफर करने वाले थे।

शेखपुर थाना अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि चावंडी पुलिया के पास काले रंग की महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी बरामद की। इस पर पुलिस पुलिस के स्टीकर लगे हुए हैं। गाड़ी में बैठकर चार लोग ठगी व अपहरण की योजना बना रहे थे। इसरोदा बैंक में उत्तराखंड की एक महिला का अकाउंट है। उस अकाउंट में शेखपुर के ही युवक का मोबाइल नंबर अपडेट है। बदमाशों ने उस युवक का अपहरण कर उसके मोबाइल नंबर से जुड़े हुए सभी खातों का पैसा फर्जी तरीके से अपने अकाउंट में ट्रांसफर करने की योजना बना रहे थे।

उत्तराखंड की महिला के बैंक अकाउंट में फर्जी चेकों के माध्यम से पैसा ट्रांसफर करने की योजना बनाई जा रही थी। युवक के मोबाइल नंबर से जुड़े सभी बैंक खातों में करीब 10 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर ठगी की योजना थी। आरोपियों एक एक्सयूवी महिंद्रा कार, सरिये, डंडे, गंडासा, रस्सी व मिर्च पाउडर जब्त किया है। इस दौरान मौके का फायदा उठाकर एक बदमाश फरार हो गया। गोरखपुर उप्र के निवासी नूरमोहम्मद पुत्र समसूदीन, संजय यादव पुत्र बंसत यादव, इरशाद अली पुत्र मोहम्मद शफीक व बादली नूंह मेवात का हकमूदीन पुत्र रहीस मेव को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के खिलाफ यूपी में अनेक ठगी व लूटपाट के मामले भी दर्ज हैं।

Comments