अलवर के पूर्व कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया 5 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

 अलवर के पूर्व कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो( ACB) की टीम ने शनिवार को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। IAS अफसर पहाड़िया के साथ ही ACB ने एक RAS अफसर अशोक सांखला और दलाल नितिन शर्मा को भी गिरफ्तार किया है। शनिवार को घूस लेते पकड़े गए नन्नूमल पहाड़िया तीन दिन पहले ही अलवर कलेक्टर के पद से रिलीव हुए थे। पहाड़िया को विभागीय जांच आयुक्त के पद पर लगाया गया था।

ACB डीजी बीएल सोनी ने बताया कि कुछ दिनों पहले एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि उसकी कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके लिए काम में कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए 4 महीने के 16 लाख रुपए मासिक बंधी के रूप में रिश्वत मांगी गई थी। इस पर AGD दिनेश एम.एन. के निर्देश में ASP विजय सिंह और डिप्टी महेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। उन्होंने बताया कि मंथली देने के लिए तीनों दबाव बना रहे थे। इस पर RAS अफसर अशोक सांखला(सैटलमेंट ऑफिसर कम व रेवेन्यू अधिकारी) को 5 लाख रुपए की रिश्वत दी गई। यह राशि दलाल नितिन शर्मा को दी गई थी। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया।

तीन दिन पहले हुए थे रिलीव
IAS नन्नूमल पहाड़िया तीन दिन पहले ही अलवर कलेक्टर के पद से रिलीव हुए थे। परिवादी सुबह जब रुपए लेकर अशोक सांखला के पास पहुंचा तो रुपए दलाल नितिन शर्मा को दे दिए गए थे। ACB अफसरों ने बताया कि यह रुपए कलेक्टर को जाने थे। ACB ने कलेक्टर आवास से नन्नूमल पहाड़िया को गिरफ्तार किया। वहीं पहाड़िया के जयपुर के महेश नगर स्थित मकान में सर्च भी शुरू कर दिया है।

Comments