15 दिन में 10.04 रुपए महंगा हुआ पेट्रोल:डीजल
15 दिन में 10.04 रुपए महंगा हुआ पेट्रोल:डीजल की कीमत ने फिर लगाया शतक, महंगाई ने बढ़ाई जनता की परेशानी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की घटती कीमतों के बावजूद पेट्रोल-डीजल की कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार को पेट्रोल 88 और डीजल 81 पैसे महंगा हुआ। जिसके बाद जयपुर में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत पढ़कर 117 रुपए 15 पैसे पर पहुंच गई। जबकि डीजल प्रति लीटर की कीमत बढ़कर 100 रुपए 10 पैसे पर पहुंच गई है। ऐसे में बीते 15 दिन में 13वीं बार बढ़ी कीमतों के बाद पेट्रोल 10 रुपए 04 पैसे और डीजल 9 रुपए 29 पैसे महंगा हो चुका है।
20 रुपए तक बढ़ सकते है दाम
राजस्थान पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनीत बगई ने बताया कि भारत के टॉप फ्यूल रिटेलर्स IOC, BPCL और HPCL को नवंबर से मार्च के बीच करीब 2.25 अरब डॉलर (19 हजार करोड़ रुपए) के रेवेन्यू का नुकसान हुआ है। ऐसे में चुनावी सीजन ख़त्म होने के साथ ही अब सरकार रिफाइनरी को नुकसान से बचाने के लिए कीमतें बढ़ाने की अनुमति देगी। ऐसे में अगले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 15 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके लिए एक साथ बढ़ोतरी ना कर के धीरे-धीरे पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाएंगे।
कैसे तय होती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें?
जून 2010 तक सरकार पेट्रोल की कीमत निर्धारित करती थी। हर 15 दिन में इसे बदला जाता था। 26 जून 2010 के बाद सरकार ने पेट्रोल की कीमतों का निर्धारण ऑयल कंपनियों के ऊपर छोड़ दिया। इसी तरह अक्टूबर 2014 तक डीजल की कीमत भी सरकार निर्धारित करती थी। 19 अक्टूबर 2014 से सरकार ने ये काम भी ऑयल कंपनियों को सौंप दिया। अभी ऑयल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमत, एक्सचेंज रेट, टैक्स, पेट्रोल-डीजल के ट्रांसपोर्टेशन का खर्च और बाकी कई चीजों को ध्यान में रखते हुए रोजाना पेट्रोल-डीजल की कीमत निर्धारित करती हैं।
.jpeg)



Comments
Post a Comment