13 साल के इकलौते बेटे की मौत:बस छूटी तो मां स्कूल छोड़ने स्कूटी पर ले गई, बेटी भी साथ थी, पिकअप ने छीन ली बेटे की जिंदगी

 

13 साल के इकलौते बेटे की मौत:बस छूटी तो मां स्कूल छोड़ने स्कूटी पर ले गई, बेटी भी साथ थी, पिकअप ने छीन ली बेटे की जिंदगी


अलवर शहर में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हुआ। अपने 13 साल के बालक को स्कूल बस तक छोड़ने निकली मां की स्कूटी को पिकअप ने टक्कर मार दी। स्कूटी पर 13 साल का बेटा व बेटी थे। टक्कर में दाऊदपुर निवासी अक्षत शर्मा की मौत हो गई। मां व छोटी बेटी घायल हो गए। जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया।


स्कूल बस छूटी तो स्कूटी लेकर निकली

असल में सुबह करीब साढ़े सात बजे माउंट लिटेरा स्कूल की बस निकल जाने से अक्षत की मां उसे स्कूटर से स्कूल बस को पकड़ने के लिए निकली। साथ में छोटी बेटी को बैठा लिया। मां चाह रही थी आगे स्कूल बस मिल जाएगी। वहां उसे बस में बैठा देंगी। लेकिन इससे पहले ही अम्बेडकर सर्किल से थोड़ी आगे पिकअप ने टक्कर मार दी। जिससे तीनों गिर गए। अक्षत के सिर में चोट लगी। वह मौके पर ही अचेत हो गया था। मां-बेटी टक्कर से साइड में गिर गए थे। इस कारण उनको भी चोट आई। लेकिन वे बच गए।

अक्षत ने अस्पताल में दम तोड़ा
13 साल के अक्षत तो तुरंत सेठी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने इलाज के दाैरान दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने बताया कि बालक का काफी खून निकल गया था। वह अस्पताल में भी बेहद गंभीर हालत में पहुंचा था। इस हादसे ने परिवार पर संकट ला दिया। मां-बेटी अस्पताल में भर्ती हैं।

पिता नर्सिंग कॉलेज में प्रिंसिपल
अक्षत के पिता मनोज कुमार शर्मा अलवर नर्सिंग कॉलेज कटोरी वाला तिबारा में प्रिंसिपल हैं। घटना सुबह जल्दी की है। घटना के बाद स्कूल की ओर से शनिवार का शोक घोषित किया गया है। स्कूल टीचर ने बताया कि अक्षत पढ़ाई में बहुत होशियार था। वहीं उसके साथी स्टूडेंट्स ने बताया कि उसका बहुत अच्छा व्यवहार था। इस कारण बच्चों ने भी दुख जताया है।

हेलमेट जरूर लगाएं : स्कूल प्राचार्य
स्कूल के प्राचार्य केडी सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। कहा कि मैं अभिभावकों से निवेदन करना चाहता हूं कि वाहन या स्कूटी चलाते समय हेलमेट जरूर लगाएं। केवल बाइक या स्कूटी राइडर ही नहीं बल्कि पीछे बैठी सवारी को भी हेलमेट पहनाना चाहिए। चाहे घर से थोड़ी ही दूर जाना हो। असल में अलवर शहर में ट्रैफिक सेंस का फॉलो कम होता है। वरना यह एक्सीडेंट नहीं होता। पीछे से वाहन ने टक्कर मार दी। स्कूल के होनहार स्टूडेंट्स के निधन का सबको गहरा दुख है।

Comments