पुलिस ने वारदात से पहले दबोचा:बैंक खातों में जमा 10 करोड़ रुपए निकालने को जोड़ा ग्रामीण का नंबर, उसे अगवा करने आए चार ठग पकड़े
पुलिस ने वारदात से पहले दबोचा:बैंक खातों में जमा 10 करोड़ रुपए निकालने को जोड़ा ग्रामीण का नंबर, उसे अगवा करने आए चार ठग पकड़े
लक्जरी कारों पर पुलिस विभाग का स्टीकर लगा ठगी और डकैती करने वाले 4 शातिर बदमाशों की गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार कर करीब 10 करोड़ रुपए की ठगी की वारदात टाल दी। हरियाणा और उत्तरप्रदेश निवासी बदमाशों ने देहरादून की वृद्धा सहित 10 लोगों के खातों में शेखपुर के एक युवक का नंबर लिंक करा रखा था। बदमाश उस युवक को अगवा करने और इसके बाद मोबाइल कब्जे में लेकर खातों से ट्रांजेक्शन वेरीफाई करते। इन सभी खातों में करीब 10 करोड़ रुपए जमा हैं। पूरा मास्टरप्लान तैयार कर कार में हथियार आदि लेकर यूपी से आए।
असावधानी ... खाते में 3.95 करोड़, इसमें शेखपुर के व्यक्ति का नंबर लिंक था
बदमाशों से पूछताछ में बड़ी वारदात का खुलासा हुआ। दरअसल देहरादून निवासी 78 साल की महिला के 2 बैंक खातों में करीब 3.95 करोड़ रुपए जमा हैं। बदमाशों ने इस महिला तथा 8 अन्य लोगों के बैंक खातों में शेखपुर क्षेत्र के रभाना गांव निवासी किसी युवक का नंबर लिंक करा रखा था। उनका प्लान था कि शेखपुर से उक्त युवक को अगवा कर उसका मोबाइल कब्जे में लेंगे।
फिर उस मोबाइल से चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिये रकम पार कर लेंगे। मगर वारदात से पहले ही पुलिस ने पूरी गैंग को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों में इरसाद नाम का युवक जोधपुर, दिल्ली तथा लखनऊ में गिरफ्तार हो चुका है। जबकि नूर मोहम्मद लखनऊ की एक वारदात में वांछित है।
युवक के फोन पर लाखों रुपए डलने के मैसेज आए, वह थाने पहुंचा
थानाधिकारी सचिन ने बताया कि रभाना निवासी युवक के मोबाइल पर लगातार अलग-अलग बैंकों से रकम के लेन-देन के मैसेज आ रहे थे। वह इन्हें गलती मान नजरअंदाज करता रहा। इन खातों के संबंध जब कॉल भी आने लगी तो उसे शक हुआ। इनमें बदमाशों का भी कॉल था। उन्होंने युवक से कहा कि बैंक से वेरीफिकेशन आए तो तुम कह देना मेरा ही खाता है। यह सुन वह घबरा गया और पुलिस थाने पहुंच सारी जानकारी दी।
महिला को सूचित कर बैंक खाता फ्रीज कराया : डीएसपी प्रेमबहादुर ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ में बड़ी गैंग का खुलासा हो सकता है। देहरादून निवासी खाताधारक महिला 78 वर्ष की बुजुर्ग हैं। उन्हें ज्यादा तकनीकी जानकारी नहीं थी। इसलिए पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित कर बैंक खाते को फ्रीज कराने और बैंक जाकर मोबाइल नंबर अपडेट कराने को कहा है। अन्य बैंक खाता धारकों भी डिटेल जुटाई जा रही है।



Comments
Post a Comment