भिवानी नप चेयरमैन और EO गिरफ्तार:चेक घोटाले में विजिलेंस ने रणसिंह और संजय यादव को पकड़ा, 4 पार्षद भी हिरासत में
भिवानी नप चेयरमैन और EO गिरफ्तार:चेक घोटाले में विजिलेंस ने रणसिंह और संजय यादव को पकड़ा, 4 पार्षद भी हिरासत में
हरियाणा के भिवानी में नगर परिषद के चेक घोटाले में स्टेट विजिलेंस टीम व सीआइए-1 टीम ने निवर्तमान चेयरमैन रणसिंह यादव व तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी संजय यादव को गिरफ्तार किया। इसके साथ स्टेट विजिलेंस ने पूछताछ के लिए चार अन्य पार्षदों को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस इन पार्षदों के अभी नाम उजागर करने को तैयार नहीं है। पुलिस को इनके खिलाफ ठोस सबूत हाथ लगे थे। वहीं मामले में पुलिस ने सखी साड़ी पैलेस संचालक नितिन व दादरी निवासी अरूण को तीन दिन के और रिमांड पर लिया है। इसके साथ पुलिस ने जेल में बंद एक्सेस बैंक के तत्कालीन मैनेजर मुख्य आरोपित नितेश अग्रवाल को अदालत से दो दिन के प्रोडक्शन वारंट पर लिया है।
इकोनॉमिक सेल की जांच धीमी
नगर परिषद का चेक घोटाला की जांच अब स्टेट विजिलेंस को सौंप दी गई है। इससे पहले इकोनॉमिक सेल जांच कर रही थी, लेकिन इकोनॉमिक सेल की जांच धीमी होने व मुख्य आरोपितों तक ना पहुंच पाने पर जांच स्टेट विजिलेंस को सौंपी गई है। स्टेट विजिलेंस व सीआइए-1 के इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने सोमवार देर रात को त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के निर्वतमान चेयरमैन रणसिंह यादव व महेंद्रगढ़ जिले के रहने वाले भिवानी नगर परिषद के तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी संजय यादव को गिरफ्तार किया है।
बैंक मैनेजर ने रिमांड के पहले ही दिन उजागर किए थे दोनों के नाम
पुलिस द्वारा इस मामले में सबसे पहले एक्सेस बैंक के तत्कालीन मैनेजर चिड़िपाल गली निवासी नितेश अग्रवाल को काबू किया था। रिमांड अवधि के पहले ही दिन उसने सबूत सहित चेयरमैन रणसिंह यादव व तत्कालीन ईओ संजय यादव के नाम उजागर किए थे, लेकिन इसके बावजूद इकोनॉमिक सेल इंचार्ज सतपाल सिंह उन्हें गिरफ्तार करने में देरी करते रहे। अब स्टेट विजिलेंस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर पुख्ता सबूत जुटाए हैं।
चार पार्षद भी लिए हिरासत में
विजिलेंस टीम ने शहर में मंगलवार अल-सुबह कई पार्षदों के घरों पर छापामारी की। चार पार्षदों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। अभी उनसे पूछताछ की जा रही हैं। हालांकि अभी तक पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार नहीं दिखाया है और ना ही नाम उजागर किए हैं।
बैंक मैनेजर नितेश ने उगले कईयों के नाम
गिरफ्तार मैनेजर नितेश को फिर से रिमांड पर लिया है। उसने नगर परिषद के कई अधिकारी और यहां तक की चेयरमैन के पीए का नाम उजागर किया है।




Comments
Post a Comment