राजस्थान में नया संगठन तैयार करेगी AAP:पार्टी में नए सिरे से पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी, डिजिटल मेंबरशिप अभियान भी शुरू
राजस्थान में नया संगठन तैयार करेगी AAP:पार्टी में नए सिरे से पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी, डिजिटल मेंबरशिप अभियान भी शुरू
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने राजस्थान में तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत पार्टी अपने संगठन को नए सिरे से तैयार करेगी। आप राजस्थान के नए प्रभारी विनय मिश्रा ने प्रदेश कार्यकारिणी से लेकर जिला लेवल तक की सभी कार्यकारिणी भंग करने की घोषणा की है। अब नए सिरे से पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी। इसी के साथ पार्टी ने डिजिटल मेंबरशिप अभियान भी शुरू किया है। जयपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में इसकी घोषणा रविवार को की गई। आप ने इसी सम्मेलन से चुनावी तैयारियों की शुरुआत की।
बिना अनुशासन पार्टी तो परिवार भी नहीं चल सकता
सम्मेलन में राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की सीख देते हुए चेतावनी दी कि अब अनुशासनहीन लोगों के लिए जगह नहीं होगी। उन्होंने कहा- पार्टी में कई कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर पार्टी नेताओं के खिलाफ कमेंट करते रहते हैं। हमारे खिलाफ तो लिख दो कोई बात नहीं लेकिन पार्टी के सर्वोच्च नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी लिख देते हैं। अनुशासनहीनता करने वाले ऐसे किसी भी व्यक्ति को आप बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसे किसी साथी की हमें जरूरत नहीं है। पार्टी, संस्था, स्कूल, कॉलेज सहित अनुशासन हर जगह जरूरी होता है, बिना अनुशासन पार्टी तो परिवार भी नहीं चल सकता।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन का इस्तेमाल सीखने की सलाह
संजय सिंह ने कहा- भाजपाइयों को देख लो। अपनी बुरी से बुरी बात को पहुंचाने के लिए अपने संगठन का इस्तेमाल करते हैं। एक बार भाजपाइयों ने तय किया है कि अफवाह फैलानी है गणेशजी दूध पी रहे हैं, तीन घंटे में पूरे देश में लोग गणेशजी को दूध पिलाने लगे। दुनिया में अलग अलग हिस्सों में लोग गणेशजी को दूध पिलाने लगे। भाजपाई, आरएसएस वाले खड़े थे, मैं भी उनके साथ खड़ा था। एक व्यापारी थे वे हाथ में लोटा लेकर आए कि गणेशजी ने हमारा दूध नहीं पीया, तो बोले कि आपने पाप किए होंगे। इस पर व्यापारी ने तत्काल कह दिया कि पीया था, लेकिन थोड़ा पीया था। अपने तर्कों-कुतर्कों से भाजपाई ऐसी बात करते हैं कि आप तुरंत घबरा जाते हो और उनके आगे बोल ही नहीं पाते।
गहलोत सरकार के खिलाफ आंदोलन होगा
दिल्ली की द्वारिका सीट से विधायक राजस्थान चुनाव प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में कल ही चुनाव होने वाले है। इस सोच के साथ राजस्थान में आप कार्यकर्ता काम करेंगे। तीन महीने का विशेष सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है । मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर प्रभारी होंगे। राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार की विफलताओं को जनता के बीच ले जाएंगे। सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन के दौरान लाठी भी खानी पड़ी तो वे पीछे नहीं हटेंगे। पंजाब में पार्टी की जीत के बाद राजस्थान में कार्यकर्ताओं में उत्साह है और नए लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
आप ने जयपुर के सम्मेलन से चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गहलोत सरकार ने बेरोजगार युवाओं से धोखा किया
विनय मिश्रा ने कहा- गहलोत सरकार ने बेरोजगार युवाओं से धोखा किया। आज राजस्थान में बेरोजगारी की दर 32 फीसदी हो चुकी है। प्रदेश में ईमानदार पार्टी की जरूरत है, जो शिक्षा की बात करे, जो स्वास्थ्य की बात करे, बिजली की बात करे, पानी की बात करे, महिलाओं के समाज की बात करे, बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराने की बात करे।
.jpeg)




Comments
Post a Comment